ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News कोयला चोरी की कार्रवाई पड़ी भारी कतरास क्षेत्र के जी एम को मिली गोली मारने की धमकी

सुरक्षा घेरे के बावजूद पीछा कर रोकी गाड़ी, बीसीसीएल अधिकारी ने तेतुलमारी थाना में दर्ज कराई शिकायत

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

कतरास/धनबाद। बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने तेतुलमारी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि कोयला चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से नाराज असामाजिक तत्वों ने उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची। महाप्रबंधक ने बताया कि 16 जून 2026 की शाम उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि आवास लौटने के दौरान सशस्त्र अपराधी उन पर हमला कर सकते हैं। सूचना मिलने के बाद उन्होंने सीआईएसएफ से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की। सुरक्षा एजेंसियों ने रणनीति बनाते हुए उन्हें एक अलग वाहन से सुरक्षा घेरे में रवाना किया, जबकि उनका आधिकारिक वाहन अलग मार्ग से भेजा गया। आवेदन के अनुसार शक्ति चौक से भुली जाने के क्रम में लगभग एक किलोमीटर आगे 4 से 5 काले रंग की बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ियों ने उनके आधिकारिक वाहन को घेरकर रोक लिया। वाहन से उतरे लोगों ने चालक के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट की। आरोप है कि एक महिला ने वाहन में मौजूद सीआईएसएफ जवान के साथ अनुचित व्यवहार किया, जबकि अन्य लोग पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे।


महाप्रबंधक ने आशंका जताई है कि उक्त लोग सीआईएसएफ जवान को उन्हें समझकर किसी झूठे मामले में फंसाने, बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की साजिश रच रहे थे। जब उन्हें पता चला कि महाप्रबंधक वाहन में मौजूद नहीं हैं, तब उन्होंने धमकी देते हुए वाहन को जाने दिया। शिकायत के मुताबिक इसके बाद भी आरोपितों ने वाहन का पीछा किया और गोल बिल्डिंग के समीप दोबारा रोककर चालक एवं सीआईएसएफ कर्मियों को धमकाया। आरोप है कि उन्होंने संदेश भिजवाया कि “आज वह बच गया है, लेकिन यदि भविष्य में कांतापहाड़ी पैच में हो रही कोयला चोरी रोकने का प्रयास किया, तो उसे गोली मार दी जाएगी।” महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा ने इस पूरे घटनाक्रम को पूर्व नियोजित भयादोहन, धमकी और आतंक फैलाने की साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि कोयला चोरी के विरुद्ध चल रहे अभियान को प्रभावित करने और उन्हें डराने के उद्देश्य से यह घटना अंजाम दी गई। उन्होंने तेतुलमारी थाना से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद बीसीसीएल और सीआईएसएफ महकमे में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button