ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News बजरंग दल नेता पर हमला, नकाबपोश बदमाशों ने चेन और नकदी लूटी

जमुआटांड़ में कार घेरकर की मारपीट, श्मशान घाट तक किया पीछा; पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद: बरोरा थाना क्षेत्र के जमुआटांड़ स्थित स्पीड ब्रेकर के समीप बुधवार देर शाम बाघमारा के बजरंग दल नेता सुमन कुमार सिन्हा पर अज्ञात नकाबपोश युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की तथा गले से सोने की चेन और करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित की शिकायत पर बरोरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सुमन कुमार सिन्हा अपने सहयोगियों रितेश सिंह और गुड्डू यादव के साथ कार से बड़ापांडेडीह से धनबाद स्थित सिंह मेंशन जा रहे थे। इसी दौरान जमुआटांड़ स्पीड ब्रेकर के पास उनकी कार धीमी हुई, तभी पीछे से आए एक बाइक सवार ने कार में टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद दो से तीन बाइक पर सवार कई युवक पहुंचे और कार को चारों ओर से घेर लिया।


पीड़ित के अनुसार हमलावर उन्हें कार से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सीट बेल्ट बंधी होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। इस दौरान बदमाशों ने मारपीट करते हुए उनके गले से सोने की चेन छीन ली और एक पैकेट में रखे करीब 20 हजार रुपये भी लूट लिए। हमले में उनका होंठ कट गया तथा कपड़े भी फट गए। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कार को तेजी से वहां से निकाल लिया। इसके बावजूद हमलावर बाइक से उनका पीछा करते हुए मुराईडीह श्मशान घाट तक पहुंच गए। बाद में वे वापस लौट गए। सभी हमलावर हेलमेट और चेहरे पर कपड़ा लगाए हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।

घटना के संबंध में सुमन कुमार सिन्हा ने बरोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button