नगरी। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए गांजा तस्करी के आरोपी को आखिरकार सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नगरी क्षेत्र के चुरियारापारा में एक घर में खाना खाते हुए मिला, जहां ग्रामीणों की सूचना और पुलिस की तत्परता से उसे दोबारा हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि नागपुर निवासी पलाश गजभिए को सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा बैरियर के पास एक कार से गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद गुरुवार को उसे मेडिकल परीक्षण के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया था। आरोपी के फरार होने की खबर से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था और उसकी तलाश में विशेष टीमों को लगाया गया था।
फरारी के बाद पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच ग्रामीणों और स्थानीय पत्रकारों ने भी खोजबीन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार सात घंटे तक चली तलाश के बाद चुरियारापारा क्षेत्र में आरोपी के होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में अपराधियों को पारिवारिक एवं स्थानीय स्तर पर सहयोग मिलने के कारण वे कानून से बचने का प्रयास करते हैं, लेकिन इस मामले में आम नागरिकों, पत्रकारों और पुलिस के समन्वय से आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
इस अभियान में पुलिस की टीम और क्राइम न्यूज़ की टीम भी लगातार खोजबीन में जुटी रही। स्थानीय ग्रामीणों की सजगता और मीडिया की सक्रियता ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनता और पुलिस की साझेदारी बनी मिसाल
आरोपी की पुनः गिरफ्तारी ने यह साबित कर दिया कि अपराधियों की धरपकड़ में जनता, मीडिया और पुलिस का समन्वय बेहद प्रभावी साबित हो सकता है। सात घंटे तक चली तलाश के बाद मिली इस सफलता से पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।