रसोई में सिलिंडर फटने से लगी आग, जुड़वा दुधमुंहे बच्चों की बाल-बाल बची जान
तेतुलमारी में गैस सिलिंडर विस्फोट से घर का सामान राख, स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू

कतरास। तेतुलमारी थाना क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय के समीप बुधवार को गैस सिलिंडर फटने से एक घर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में घर का अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि कमरे में सो रहे दो माह के जुड़वा दुधमुंहे बच्चे चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार दैनिक मजदूर कृष्णा निषाद के घर में दोपहर के समय खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में रखे छोटे गैस सिलिंडर से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं और कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। विस्फोट के बाद पूरे घर में धुआं फैल गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि जिस कमरे के बगल में आग लगी, वहीं उनके दो माह के जुड़वा बच्चे सो रहे थे। समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
आग की चपेट में आने से बिजली के तार, पंखे, टीवी, कपड़े, बर्तन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक एवं घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और निजी स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक घर को भारी नुकसान पहुंच चुका था।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।




Subscribe to my channel