Jharkhand News मुचिरायडीह के जंगल में अवैध कोयला साम्राज्य का खुलासा, CISF-BCCL की छापेमारी में भारी भंडारण बरामद
महुदा में अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, संयुक्त कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
झाड़ियों में छिपा रखा था काले सोने का जखीरा, छापेमारी में खुली अवैध कारोबार की पोल
मुचिरायडीह में अवैध कोयला खनन का भंडाफोड़, हाइवा से कोयला जब्त
महुदा (धनबाद) : महुदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुचिरायडीह माछियारा स्थित डीएवी विद्यालय के समीप जंगल क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला खनन और भंडारण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। CISF एवं BCCL की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध कारोबारियों के कई ठिकानों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से जमा किए गए कोयले के बड़े भंडार को चिन्हित किया तथा हाइवा से कोयला जब्त कर BCCL के हवाले कर दिया। हालांकि मौके पर अभी भी भारी मात्रा में कोयला मौजूद होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार मुचिरायडीह मछियारा पुल के समीप जंगल क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और तस्करी का कारोबार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने देखा कि अवैध कारोबारियों ने कोयले के विशाल भंडार को झाड़ियों और पेड़-पौधों से ढंक रखा था, ताकि इसकी भनक किसी को न लग सके। संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर जांच कर अवैध गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र में सक्रिय अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
इस पूरे मामले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन और भंडारण की जानकारी स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को पहले क्यों नहीं मिली? साथ ही यह भी देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध कोयला कारोबार पर कितना प्रभाव पड़ता है। फिलहाल संयुक्त कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




Subscribe to my channel