ब्रेकिंग न्यूज़

खेत बचाओ अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी

खेत बचाओ अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी

 

 गोंडा, मनकापुर । आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर, गोंडा द्वारा केंद्र परिसर में “खेत बचाओ अभियान” का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एस.के. वर्मा ने किसानों से अपनी भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए नियमित मृदा नमूना परीक्षण कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. राम लखन सिंह ने मृदा परीक्षण, हरी खाद की खेती तथा फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई एवं पशुओं के नियमित टीकाकरण की आवश्यकता बताई।

डॉ. अजीत सिंह वत्स ने किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (आईपीएम) की जानकारी देते हुए कीट एवं रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक उपाय बताए। उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कार्बनिक खादों के उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया।

इसके अलावा डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने मिश्रित मत्स्य पालन तकनीक तथा डॉ. दिनेश कुमार पांडे ने कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से किसानों की आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान विनोद कुमार तिवारी, शिव प्रसाद यादव, रामसागर वर्मा, राजेश कुमार वर्मा एवं अकील अहमद खान सहित अन्य कृषकों ने प्रतिभाग कर खेती की नवीनतम तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा खेती की लागत कम करके उत्पादन एवं आय में वृद्धि करना है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button