खड़पथरा के पास अमलीपारा तालाब के समीप हुआ हादसा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
नगरी। नगरी विकासखंड में मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब नहावन एवं दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही एक पिकअप वाहन खड़पथरा के पास अमलीपारा तालाब के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो को बेहतर उपचार के लिए धमतरी रेफर किया गया है। अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकुंदपुर निवासी करीब 25 से 26 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर कोंगेरा गांव में आयोजित नहावन एवं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे खड़पथरा के पास अमलीपारा तालाब के समीप अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल सहायता के लिए पहुंचे तथा घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में एक-दो लोगों के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। शेष सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक श्रवण मरकाम सिविल अस्पताल नगरी पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पिकअप वाहनों से लोगों के आवागमन का प्रचलन आम है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी कई बार गंभीर हादसों का कारण बनती है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।