ब्रेकिंग न्यूज़

केंद्र में बढ़ी झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों की मांग, दो और अफसर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रवाना

रांची/झारखंड: झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों की केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों में लगातार बढ़ती भूमिका के बीच राज्य के दो और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में स्वीकृति प्रदान करते हुए राज्य सरकार से दोनों अधिकारियों को शीघ्र विरमित करने का अनुरोध किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस में आईजी (प्रशिक्षण) के पद पर कार्यरत ए. विजयालक्ष्मी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में आईजी के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, सीआईडी के डीआईजी चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ए. विजयालक्ष्मी वर्ष 2006 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि चंदन कुमार झा वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। राज्य सरकार के औपचारिक विरमित आदेश के बाद दोनों अधिकारी केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।

👉हाल ही में बीएसएफ में गए थे सुरेंद्र कुमार झा

गौरतलब है कि झारखंड पुलिस के डीआईजी (कार्मिक) रहे सुरेंद्र कुमार झा को भी हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। उन्हें सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डीआईजी के पद पर नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने उन्हें विरमित किया था और उन्होंने केंद्र में योगदान भी दे दिया है।

इन नई नियुक्तियों के बाद झारखंड कैडर के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी। इससे पहले यह संख्या 26 थी।

,👉कई अधिकारी लौट सकते हैं झारखंड

दूसरी ओर, केंद्रीय एजेंसियों में कार्यरत झारखंड कैडर के कई आईपीएस अधिकारियों की राज्य वापसी की भी चर्चा है। इनमें एनआईए के आईजी आशीष बत्रा, एनआईए में एसपी डॉ. जया राय, सीबीआई में एसपी अनूप टी. मैथ्यू तथा कैबिनेट सचिवालय में निदेशक राकेश बंसल प्रमुख हैं। सूत्रों के अनुसार इन अधिकारियों की जल्द झारखंड वापसी संभव है।

केंद्र और राज्य के बीच प्रशासनिक समन्वय में झारखंड कैडर के अधिकारियों की बढ़ती भागीदारी को पुलिस सेवा में उनके बेहतर प्रदर्शन और अनुभव का परिणाम माना जा रहा है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button