ब्रेकिंग न्यूज़

गजकन्हार जंगल में सरई बिनने गई वृद्धा पर मधुमक्खियों का हमला, उपचार के दौरान मौत

धमतरी। नगरी विकासखंड के गजकन्हार जंगल में सरई बिनने गई एक वृद्ध महिला की मधुमक्खियों के झुंड के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले नगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पालगांव थाना दुगली निवासी रामबती (75 वर्ष) पति दामाराम पिछले एक सप्ताह से अपनी बेटी देवकुंवर के घर ग्राम गजकन्हार में रह रही थी। मृतका के पुत्र निनकू राम ने बताया कि सोमवार सुबह वह गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल में सरई बिनने गई थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

मधुमक्खियों के सैकड़ों डंक लगने से वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। साथ मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचाकर जंगल से बाहर निकाला और तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जंगल से मिलने वाले वनोपज संग्रह के दौरान इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button