ब्रेकिंग न्यूज़

उमरगांव में करंट लगने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरगांव में बिजली पोल पर काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उमरगांव निवासी जोहत राम मरकाम (41 वर्ष) सब्जी बाड़ी में लगे बिजली पोल पर तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी लछनी बाई ने बताया कि गांव के ही निवासी गजेंद्र साहू उसे अपने खेत में विद्युत लाइन बनाने के लिए साथ लेकर गया था। बताया जा रहा है कि युवक बिना विद्युत विभाग को सूचना दिए बिजली खंभे पर चढ़ा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button