Madhya Pradesh News कबीर कोहिनूर सम्मान समारोह 2026 में आष्टा के डॉ. हेमराज बामनिया होंगे सम्मानित
भारत भूषण महंत डॉ. नानक दास जी महाराज के सानिध्य में होगा भव्य आयोजन, देश-विदेश की महान विभूतियां रहेंगी मौजूद

रिपोर्टर राहुल वर्मा देवास मध्य प्रदेश
राजस्थान के नागौर जिले की पावन धरा बड़ी खाट में आगामी 28 जून 2026 को देश का पांचवां ऐतिहासिक “कबीर कोहिनूर सम्मान समारोह 2026” भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित होने जा रहा है। संत कबीर जयंती महोत्सव की पूर्व संध्या पर होने वाला यह आयोजन अखिल भारतीय कबीर मठ सद्गुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है, जिसे लेकर देशभर के कबीर पंथ अनुयायियों एवं श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
यह समारोह केवल एक सम्मान कार्यक्रम नहीं बल्कि संत कबीर की वाणी, मानवता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का एक बड़ा आध्यात्मिक आयोजन माना जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों सहित विदेशों से भी संत-महात्मा, समाजसेवी, कलाकार, साहित्यकार एवं विभिन्न क्षेत्रों की महान विभूतियां शामिल होंगी।
समारोह में मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा नगर निवासी प्रसिद्ध कबीर लोक भजन गायक एवं आकाशवाणी-दूरदर्शन भोपाल से जुड़े डॉ. हेमराज सिंह बामनिया को “कबीर कोहिनूर सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारत भूषण महंत डॉ. नानक दास जी महाराज के करकमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा। डॉ. बामनिया वर्षों से कबीर वाणी और निर्गुण भजनों के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक चेतना एवं मानवता का संदेश दे रहे हैं। उनकी मधुर वाणी और भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देशभर में सराही जाती रही हैं।
डॉ. हेमराज बामनिया के सम्मान की खबर सामने आने के बाद आष्टा सहित पूरे सीहोर जिले में खुशी और गौरव का माहौल है। सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है।
कार्यक्रम के दौरान संत कबीर के विचारों पर आधारित प्रवचन, भजन प्रस्तुतियां एवं सामाजिक समरसता के संदेश दिए जाएंगे। आयोजन स्थल कबीर केशव मंदिर एवं बड़ा कबीर सरोवर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, कबीर प्रेमियों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संत कबीर के संदेशों को आत्मसात करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




Subscribe to my channel