ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News नवादा से दबोचा गया नाबालिग दुष्कर्म कांड का आरोपी, धनसार पुलिस की SIT को बड़ी सफलता

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनसार की नाबालिग से दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार
ठिकाना बदलकर बचता रहा आरोपी, तकनीकी जांच से पुलिस ने नवादा में पकड़ा
पॉक्सो एक्ट मामले में धनसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को धनसार पुलिस ने बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवकुश कुमार यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का निवासी है और धनसार थाना क्षेत्र की न्यू दिल्ली कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 की शाम नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने की लिखित शिकायत धनसार थाना में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धनसार थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 127(2), 65(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत दर्ज की गई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी के न्यू दिल्ली कॉलोनी स्थित ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी।
बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बिहार के नवादा जिले में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसआईटी ने रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा स्थित तुलसीबीघा गांव में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदल रहा था, लेकिन तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक ललिता कुमारी सोरेन, पवन कुमार रवि, सुनील कुमार सिंह तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने धनसार पुलिस की तत्परता की सराहना की है। वहीं पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button