ग्राम जैतपुरी, सिहावा जिला धमतरी में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आदिवासी ग्रामीणों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के साथ किए गए कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार की घटना को लेकर युवा कांग्रेस ने तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा जैतपुरी पहुंचकर पीड़ित ग्रामीणों एवं आदिवासी परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अब यह लड़ाई युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
आकाश शर्मा ने कहा कि आदिवासी हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार के शासनकाल में आदिवासी समाज के साथ इस प्रकार का अमानवीय व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। महिलाओं एवं बुजुर्गों के साथ बलपूर्वक व्यवहार कर वन विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।
युवा कांग्रेस ने दोषी वन विभाग अधिकारियों, संबंधित DFO एवं कर्मचारियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए घोषणा की है कि 23 मई को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि यदि पीड़ित ग्रामीणों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।