महंगाई की मार से जनता बेहाल, सरकार अपनी नाकामी छिपाने में व्यस्त,, लखेश्वर बघेल

छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आज देश गंभीर आर्थिक संकट और महंगाई की मार झेल रहा है यदि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां मजबूत होतीं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रणनीति अपनाई गई होती, तो देशवासियों को आज इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। लखेश्वर बघेल ने कहा कि आज आम जनता एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों से परेशान है, वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने लोगों की कमर तोड़ दी है आम नागरिक अपने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल दिखावटी फैसले लेने में व्यस्त है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि सरकार के मंत्री अपनी सुरक्षा में कटौती कर ईंधन बचाने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों का लंबा काफिला निकलता है, जिसमें भारी मात्रा में ईंधन खर्च होता है जब सरकार स्वयं अपने नियमों का पालन नहीं करती, तब जनता पर बोझ डालना उचित नहीं है।

लखेश्वर बघेल ने नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि उस फैसले से भी आम जनता को कोई विशेष लाभ नहीं मिला, बल्कि लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा कोविड-19 महामारी के दौरान भी आम नागरिकों को अनेक कठिनाइयों से गुजरना पड़ा, लेकिन सरकार ने अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास किया। बस्तर विधायक ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है बार-बार हो रहे पेपर लीक के मामलों ने मेहनत करने वाले युवाओं की उम्मीदों को तोड़ा है वहीं अपराध की बढ़ती घटनाएं सरकार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं। लखेश्वर बघेल ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और अपराध जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार को जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाये।
Subscribe to my channel