ब्रेकिंग न्यूज़

अफवाहों से न घबराएं, धमतरी जिले में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता : कलेक्टर

पेट्रोल पंपों पर बढ़ी निगरानी, आवश्यकतानुसार कार्यपालिक दण्डाधिकारी व फूड इंस्पेक्टर रहेंगे तैनात

 

धमतरी, 15 मई 2026। जिले में पेट्रोल पंपों पर इन दिनों अचानक बढ़ती भीड़ और ईंधन संकट को लेकर फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर पेट्रोल पंपों पर कार्यपालिक दण्डाधिकारी एवं फूड इंस्पेक्टर की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।

प्रशासन को जानकारी मिली है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पेट्रोल-डीजल एवं घरेलू गैस की कमी को लेकर भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं फैलायी जा रही हैं। इन अफवाहों के चलते लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति निर्मित हो रही है और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को भी हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता के अनुरूप ही पेट्रोल, डीजल और गैस की खरीदी करें। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाकर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button