ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर से जगदलपुर तक दिव्यांगों की जागरूकता यात्रा, धमतरी में हुआ जोरदार स्वागत, कलेक्टर मिश्रा ने जज्बे को किया सलाम

 

धमतरी। सड़क सुरक्षा और साक्षरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न 9 से 10 जिलों के 36 दिव्यांगजन एक अनूठी जागरूकता यात्रा पर निकले हैं। यह यात्रा रायपुर से प्रारंभ होकर जगदलपुर तक जा रही है, जिसमें प्रतिभागी रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इसी कड़ी में यह जागरूकता यात्रा धमतरी पहुंची, जहां दिव्यांगजनों ने सर्वप्रथम अंगरमोती माता के मंदिर में दर्शन कर अपनी यात्रा की सफलता की कामना की। इसके बाद सभी प्रतिभागी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने उनसे मुलाकात की।

कलेक्टर ने दिव्यांगजनों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान में इस तरह की यात्रा करना आसान नहीं है, लेकिन इनका जज्बा और समाज के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। कलेक्टर ने उनके हौसले को सलाम करते हुए कहा कि यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दिव्यांगजनों की इस पहल को आमजन से भी अच्छा समर्थन मिल रहा है। यात्रा के दौरान जहां-जहां यह दल पहुंच रहा है, वहां लोग इनके संदेश को गंभीरता से सुन रहे हैं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प भी ले रहे हैं।

यह यात्रा न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैला रही है, बल्कि यह भी संदेश दे रही है कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button