ब्लॉक-2 कोलियरी में बवाल: बीसीसीएल कर्मियों पर हमला, काम ठप

👉हाजिरी घर से साइट जाते वक्त हुई घटना, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
👉आक्रोशित कर्मियों का प्रदर्शन, प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग
कतरास: बाघमारा थाना क्षेत्र के बीसीसीएल ब्लॉक-2 कोलियरी में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाजिरी बनाकर अपने कार्यस्थल जा रहे बीसीसीएल कर्मियों और ट्रेड यूनियन नेताओं पर असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। घटना 14 नंबर हाजिरी घर के पास की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मी जैसे ही साइट पर पहुंचे, उन्होंने कुछ लोगों को कथित तौर पर अवैध कोयला कटाई करते देखा। इसी दौरान वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने उन्हें रोकने की कोशिश को हस्तक्षेप मानते हुए लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और कर्मी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
हालांकि, इस घटना को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में हमले की पुष्टि हुई है।
घटना से नाराज कर्मियों ने तत्काल काम बंद कर दिया और ब्लॉक-2 के महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। महाप्रबंधक राजीव कुमार ने दोषियों के खिलाफ जल्द पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मी वापस काम पर लौटे। खबर लिखे जाने तक औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
इधर, प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर हाजिरी घर पर सीआईएसएफ जवानों की तैनाती कर दी है। वहीं, घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के साथ सीआईएसएफ जवानों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार का मामला भी सामने आया है। बिना अनुमति फोटो लेने से रोकने पर पत्रकारों में नाराजगी देखी गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में सीआईएसएफ की मौजूदगी के बावजूद कोयला तस्करों द्वारा बीसीसीएल अधिकारियों के साथ मारपीट और अगवा करने की कोशिश की घटना सामने आई थी।
स्थानीय ट्रेड यूनियन नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कोलियरी में काम करना अब जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Subscribe to my channel