धनबाद में स्कूली वाहनों पर सख्ती: डीएवी स्कूलों के 10 वाहनों पर एक लाख से अधिक का जुर्माना

👉परिवहन विभाग की कार्रवाई, डीएवी स्कूलों के वाहनों में मिली खामियां
👉स्कूल बसों की जांच में खुली लापरवाही, 1.04 लाख रुपए का फाइन
👉धनबाद में रोड सेफ्टी अभियान तेज, नियम तोड़ने वाले स्कूली वाहन दंडित
धनबाद, 6 मई 2026 — जिले में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी के नेतृत्व में बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न डीएवी पब्लिक स्कूलों के वाहनों की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
जांच टीम में मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार और शुभम कुमार शामिल थे। टीम ने डीएवी पब्लिक स्कूल कुसुंडा, डीएवी पब्लिक स्कूल लोदना और टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल जामाडोबा में स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के 6 वाहनों के कागजात अधूरे या त्रुटिपूर्ण पाए गए। इन वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 51,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं, टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल जामाडोबा के 4 वाहनों में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिन पर 52,900 रुपए का दंड लगाया गया। इस प्रकार कुल मिलाकर 10 वाहनों पर 1,04,300 रुपए का जुर्माना किया गया।
अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड सेफ्टी इंजीनियर अमरेश कुमार और मुकुल कुमार भी मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की उपस्थिति में जांच प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि सभी स्कूल वाहन निर्धारित मानकों का पालन करें और विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
Subscribe to my channel