ब्रेकिंग न्यूज़

मुनीडीह वाशरी में मौत का मंजर: स्लरी ढहने से 4 मजदूरों की जान गई, कई लापता

👉धनबाद में बड़ा औद्योगिक हादसा: स्लरी में दबे मजदूर, चार की मौत

👉बीसीसीएल मुनीडीह वाशरी में त्रासदी: रेस्क्यू जारी, कई के फंसे होने की आशंका

👉स्लरी का पहाड़ बना काल: लोडिंग के दौरान ढहने से 4 मजदूरों की मौत

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह कोल वाशरी में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया, जहां कोयले के गीले कचरे (स्लरी) के ढेर के अचानक ढहने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के स्लरी में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुनीडीह ओपी प्रभारी मनिता कुमारी के अनुसार, अब तक चार मजदूरों के शव स्लरी के ढेर से बाहर निकाले जा चुके हैं। वहीं, अन्य फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज गति से जारी है। बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीमें भी जुटी हुई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर स्लरी के पहाड़नुमा ढेर से लोडिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लरी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। कुछ मजदूर किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, जबकि कई अंदर ही दब गए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रेम बाउरी, माणिक बाउरी, दीपक बाउरी और नारायण यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सभी असंगठित मजदूर थे, जो स्लरी लोडिंग का कार्य कर रहे थे।

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे मजदूरों की तलाश जारी है। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button