ब्रेकिंग न्यूज़

सिजुआ में बढ़ता खतरा: भूमिगत आग और भूधंसान के चलते कई बस्तियां खाली करने का आदेश

👉बीसीसीएल का बड़ा अलर्ट: सिजुआ की कई बस्तियां अति डेंजर जोन घोषित

👉जान का जोखिम बढ़ा: भूमिगत आग से प्रभावित इलाकों को खाली करने का निर्देश

👉सिजुआ में दहशत: गैस और भूधंसान के खतरे से बस्तियां कराई जाएंगी खाली

धनबाद

सिजुआ: झारखंड के सिजुआ क्षेत्र में भूमिगत आग और लगातार हो रहे भूधंसान के खतरे ने हालात गंभीर बना दिए हैं। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सिजुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक निरजर चक्रवर्ती द्वारा जारी एक अहम पत्र में आधा दर्जन से अधिक बस्तियों को अति डेंजर जोन घोषित करते हुए तत्काल खाली करने का आदेश दिया गया है। इस फैसले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जारी पत्र के अनुसार, बासदेवपुर कोलियरी का 8 नंबर धौड़ा, मोदीडीह कोलियरी का 22/12 क्षेत्र और तेतुलमुढी बस्ती, सेन्द्रा बॉसजोरा का हैवीटेशन वेस्ट डीबी रोड, 10, 11 और 13 नंबर कॉलोनी, कनकनी कोलियरी का सेन्द्रा सात पीट इलाका तथा जोगता ऊपर धौड़ा समेत कई क्षेत्रों को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया गया है।

बीसीसीएल और Directorate General of Mines Safety (डीजीएमएस) की सर्वे टीम की रिपोर्ट में इन इलाकों में तेजी से फैलती भूमिगत आग और जहरीली गैस के कारण जमीन धंसने का गंभीर खतरा बताया गया है।

महाप्रबंधक द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि इन क्षेत्रों में रहना जीवन के लिए बेहद खतरनाक है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद कुछ लोग अब भी वहां रह रहे हैं, जिन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।

कंपनी ने प्रभावित परिवारों से पुनर्वास के लिए जरेडा (JREDA) के अधिकारियों से संपर्क करने को कहा है और आश्वासन दिया है कि वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जा रही है।

गौरतलब है कि सिजुआ क्षेत्र लंबे समय से भूमिगत कोयला आग और भूधंसान की समस्या से जूझ रहा है। पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें 22/12 क्षेत्र में एक मस्जिद धंस चुकी है, जबकि जोगता 11 नंबर में मंदिर और कई घर जमीन में समा गए थे।

पत्र जारी होने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घर, जमीन और आजीविका को लेकर चिंतित हैं। कई प्रभावितों का कहना है कि पुनर्वास व्यवस्था अभी भी संतोषजनक नहीं है और वे उचित मुआवजा व बेहतर आवास की मांग कर रहे हैं। वहीं बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी बड़े हादसे से बचने के लिए क्षेत्र खाली करना अनिवार्य है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button