ब्रेकिंग न्यूज़

डिजिटल जनगणना 2027 की शुरुआत: धनबाद में स्वगणना अभियान शुरू

👉अब खुद भरें परिवार का डेटा: 1 मई से शुरू हुआ ऑनलाइन जनगणना अभियान

👉स्वगणना से आसान होगी जनगणना: 15 मई तक मिलेगा मौका

👉पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना, धनबाद में अभियान की शुरुआत

धनबाद। देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से होने जा रही जनगणना 2027 के तहत धनबाद जिले में स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए यह प्रक्रिया लागू की गई है।

उपायुक्त ने बताया कि 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित है और इससे प्राप्त आंकड़ों का उपयोग भविष्य की सरकारी योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा। सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

इसी क्रम में जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने स्वयं स्वगणना करते हुए सीएमएमएस पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रक्रिया में शामिल होने का आह्वान किया।

इस दौरान सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा तथा जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार ने भी स्वगणना प्रक्रिया पूरी की।

स्वगणना पूरी करने के बाद पोर्टल से 12 अंकों का एक अल्फ़ान्यूमेरिक कोड जनरेट होता है, जिसे प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक है। इससे संबंधित घर की गणना प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।

इस अवसर पर अपर जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश लोहरा, स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर पुष्कर चंद्र झा एवं जनगणना जिला समन्वयक कृष्ण कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button