कतरास में पुलिस का सख्त एक्शन: वाहन चेकिंग और अतिक्रमण हटाओ अभियान से बाजार हुआ जाममुक्त

👉पचगढ़ी बाजार में चला पुलिस का डंडा, नियम तोड़ने वालों से वसूला जुर्माना
👉सड़क पर दुकान और बेपरवाह ड्राइविंग पर कार्रवाई, कतरास में मचा हड़कंप
👉नाबालिग ड्राइवरों और बिना हेलमेट चालकों पर कड़ी कार्रवाई
कतरास (धनबाद): कतरास के पचगढ़ी बाजार में सोमवार को पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। कतरास पुलिस और धनबाद यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना चौक से लेकर सब्जी पट्टी तक सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों को हटाया, जिससे बाजार क्षेत्र में फैला अतिक्रमण काफी हद तक साफ हो गया।
अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार कर रहे थे। उनके साथ पुअनि मनोज महतो, निर्भय कुमार, शैलेश सिंह, धर्मेंद्र कुमार सहित यातायात पुलिस के जवान मौजूद थे। टीम ने बाजार में घूम-घूमकर सड़क किनारे सब्जी बेचने वालों को हटाया और अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने, वाहनों में नंबर प्लेट नहीं होने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में दर्जनों चालकों को पकड़ा गया और उनसे जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से बाजार में सड़क पर दुकानें लगने और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस के इस अभियान के बाद सड़कें काफी हद तक जाममुक्त हो गईं और यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Subscribe to my channel