ब्रेकिंग न्यूज़

कशीयाटांड़ में मेडिकल वेस्ट प्लांट पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

👉बायोमेडिकल कचरा जमीन में दबाने का आरोप, जांच में मिली गड़बड़ी

👉दुर्गंध और बीमारी के डर से परेशान ग्रामीण, कार्रवाई की मांग तेज

👉प्रदूषण नियंत्रण विभाग की जांच में खुली लापरवाही की पोल

धनबाद : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कशीयाटांड़ स्थित मेडिकल बायो वेस्ट प्लांट को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। प्लांट पर कथित लापरवाही के आरोप लगाते हुए आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों ने गंभीर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बायोमेडिकल कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने के बजाय उसे गड्ढे खोदकर जमीन में दबाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गर्मी और बारिश के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है। जमीन में दबे कचरे से उठने वाली तीखी बदबू से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। संक्रमण फैलने की आशंका से खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन, उपायुक्त और स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार प्रदूषण नियंत्रण विभाग से शिकायत की।

शिकायत के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान आरोपों को सही पाया गया। जांच दल के सदस्य निरालाल बास्की ने पुष्टि की कि बायोमेडिकल कचरे का निपटान नियमों के विपरीत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंप दी गई है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

इधर, ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्लांट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि स्वास्थ्य और पर्यावरण से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button