ब्रेकिंग न्यूज़

मधुबन में कोयला डिपो बना ‘संघर्ष का अड्डा’, चोरी के बीच ग्रामीणों में मारपीट

👉सिनीडीह डिपो से रात में सैकड़ों टन कोयला गायब, सुबह बाइक से सप्लाई

👉बीसीसीएल को करोड़ों का नुकसान, सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी

👉कोयला लेने की होड़ में ग्रामीणों में रोजाना झगड़ा, बड़े हादसे की आशंका

धनबाद:

मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर कोलियरी स्थित श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के कोल डिपो में इन दिनों कोयला चोरी और उससे जुड़ी अव्यवस्था गंभीर रूप लेती जा रही है। सिनीडीह में बनाए गए इस डिपो में लाखों टन कोयला स्टॉक कर रखा गया है, लेकिन सुरक्षा के अभाव में यह इलाका चोरी और आपसी संघर्ष का केंद्र बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के अंधेरे में सैकड़ों टन कोयला चोरी कर लिया जाता है। चोरी किया गया कोयला सुबह मोटरसाइकिल के माध्यम से अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया जाता है, जहां से उसे ट्रकों में लोड कर अन्य क्षेत्रों में भेज दिया जाता है। इस अवैध गतिविधि से बीसीसीएल को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

बताया जा रहा है कि बीसीसीएल की ओर से डिपो पर कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कुछ गार्ड तैनात किए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों द्वारा उन्हें डराकर या हटाकर कोयला उठा लिया जाता है।

कोयला लेने को लेकर ग्रामीणों के बीच अक्सर आपसी विवाद और झगड़े होते रहते हैं, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन और संबंधित कंपनी की निष्क्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button