झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की भर्ती जल्द, प्रक्रिया तेज

👉युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: झारखंड पुलिस में हजारों पदों पर होगी नियुक्ति
👉हेमंत सरकार का बड़ा फैसला, पुलिस विभाग में 9 हजार से अधिक बहाली जल्द
👉झारखंड में सिपाही भर्ती को लेकर हलचल तेज, जल्द जारी होगा विज्ञापन
रांची: झारखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आने वाला है। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने पुलिस विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। जल्द ही झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी रिक्त पदों का विवरण और आरक्षण रोस्टर तैयार कर लिया है। अब इसे गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जा रहा है। रोस्टर को नियमानुसार वर्गीकृत किया गया है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की तकनीकी अड़चन न आए।
गृह विभाग से मंजूरी मिलते ही प्रस्ताव को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेजा जाएगा। उम्मीद है कि आयोग अगले कुछ महीनों में भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर देगा। इस बहाली से जिला पुलिस और विशेष इकाइयों में सिपाहियों की कमी दूर होगी, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
पहले रद्द हो चुकी थी भर्ती प्रक्रिया
गौरतलब है कि इससे पहले 4,919 सिपाही पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसमें 20 जिलों में 3,799 नियमित और 11 जिलों में 1,120 बैकलॉग पद शामिल थे। इसके लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे और हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, परीक्षा प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई और बाद में इसे रद्द कर दिया गया। अब नई नियमावली के तहत भर्ती प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया जा रहा है।

Subscribe to my channel