6 दिन से जला पड़ा ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
6 दिन से जला पड़ा ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

गोण्डा :
मनकापुर क्षेत्र के बेनीपुर फीडर अंतर्गत ग्रामसभा महादेवा के बनकटवा गांव में बीते 6 दिनों से जला पड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं बदला गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर जलने के बाद से ही गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। रातें बिना बिजली के काटनी पड़ रही हैं और दैनिक आवश्यक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। मोबाइल फोन चार्ज करना तक मुश्किल हो गया है, वहीं बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बंद पड़े हैं।
ग्रामवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित लाइनमैन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि विभागीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए भी नहीं पहुंचे हैं।
इस संबंध में जब मनकापुर के एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला, जिससे ग्रामीणों में और भी नाराजगी बढ़ गई है।
गांव के पूरनलाल, रामसजीवन, वंशराज, रामकुमार, पंचमलाल, रामसजन और रामसमुझ सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितना शीघ्र संज्ञान लेता है या फिर ग्रामीणों को यूं ही परेशानियों का सामना करना पड़ता रहेगा।

Subscribe to my channel