ब्रेकिंग न्यूज़

झरिया पुनर्वास पर तेज़ी लाने का निर्देश, जेआरडीए बैठक में अहम फैसले

👉बेलगड़िया शिफ्टिंग पर जोर, झरिया मास्टर प्लान 2.0 लागू

👉जेआरडीए की बैठक में पुनर्वास और बुनियादी ढांचे को मिली प्राथमिकता

धनबाद : झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) की 36वीं प्रबंध पर्षद बैठक में झरिया क्षेत्र के पुनर्वास कार्यों को तेज़ करने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। गुरुवार को जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त सह जेआरडीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने की।

बैठक में झरिया क्षेत्र में वर्षों से जारी भूमिगत आग और भू-धंसान की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र बेलगड़िया टाउनशिप में स्थानांतरित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। आयुक्त ने बीसीसीएल को आग पर काबू पाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही बेलगड़िया में स्थापित शिकायत निवारण केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने की बात कही गई।

इस दौरान संशोधित झरिया मास्टर प्लान 2.0 को अपनाते हुए केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन को जेआरडीए का डिप्टी सीईओ नियुक्त किया गया। सीईओ की नियुक्ति होने तक वे प्राधिकरण के कार्यों का संचालन करेंगे।

बैठक में वित्तीय और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बेलगड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर भी सहमति बनी।

बैठक के बाद आयुक्त ने बेलगड़िया टाउनशिप के चार लाभुकों को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी, जिससे उनके स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button