ब्रेकिंग न्यूज़

धनबाद में मतदाता सूची सुधार का अंतिम चरण, घर-घर सर्वे और मैपिंग तेज

👉मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए धनबाद में व्यापक सर्वे अभियान

👉प्री-एसआईआर के तहत बीएलओ घर-घर जुटा रहे परिवारों का पूरा विवरण

👉मकानों की नंबरिंग और मैपिंग से तैयार होगा सटीक वोटर डाटा

धनबाद : जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की दिशा में प्रशासन ने रफ्तार तेज कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएआर) से पहले प्री-एसआईआर का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके तहत घर-घर सर्वे, मकानों की नंबरिंग और क्षेत्रवार मैपिंग का काम जोर-शोर से जारी है।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी घरों को क्रमवार नंबर दिए जा रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाया जा सके। साथ ही मैपिंग के जरिए प्रत्येक इलाके का सटीक रिकार्ड तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या, जरूरी व्यक्तिगत जानकारी और मोबाइल नंबर एकत्र कर रहे हैं। यह डेटा आगामी एसआईआर प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गुरुवार को मेमको कॉलोनी स्थित ब्लू डायमंड सोसाइटी में बीएलओ कुमारी लता ने घरों की नंबरिंग के साथ परिवारों का विवरण दर्ज किया। इस दौरान परिवार के मुखिया को एसआईआर अंकित पर्ची भी सौंपी गई।

इसी तरह जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बीएलओ सक्रिय रूप से सर्वे कार्य में लगे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि एसआईआर की आधिकारिक घोषणा के बाद यही आंकड़े मतदाता सूची में त्रुटियों की पहचान और सुधार में सहायक साबित होंगे।

प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम सही रूप में मतदाता सूची में शामिल हो सके।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button