ब्रेकिंग न्यूज़

पथराव के बाद बमबाजी से दहला महेशपुर कोलियरी, खनन कार्य ठप

शाम होते ही बिगड़े हालात, दहशत में भागे कर्मी और चालक

धनबाद | कतरास : बीसीसीएल के महेशपुर कोलियरी स्थित श्रीइंफ्रा आउटसोर्सिंग के कोयला उत्खनन स्थल पर दिन में हुई पथराव की घटना के बाद शाम को हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। करीब शाम 7 बजे अज्ञात असामाजिक तत्वों ने खनन कार्य में लगी पोकलेन मशीन के सामने बम फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय मौजूद आउटसोर्सिंग कर्मी और हाइवा चालक जान बचाकर मौके से भाग निकले। विस्फोट के बाद तत्काल खनन कार्य रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही गोविंदपुर क्षेत्रीय सीआईएसएफ और मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे।

प्राथमिक जांच में इस घटना को दिन में हुई पथराव की वारदात और क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अवैध खनन और तस्करी पर रोक लगाने के कारण असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button