ब्रेकिंग न्यूज़

धमतरी में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई होली

 

धमतरी

 

जिला में होली का पर्व इस वर्ष कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन की सतर्कता, लगातार पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट, ड्रोन निगरानी और फ्लैग मार्च के कारण पूरे जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी और जवान पूरे समय मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे, जिससे लोगों ने सुरक्षित माहौल में हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया।

होली के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए शहर में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख स्थानों पर लगातार मॉनिटरिंग होती रही। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम से पूरे जिले की स्थिति पर सतत नजर रखी गई और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।

त्योहार से पहले धमतरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई भी की। करीब 35 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की परेड कराकर उन्हें अच्छे आचरण की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा लगभग 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई की गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना था।

त्योहार के दौरान पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग और फिक्स पिकेट में तैनात जवानों की सतर्क निगरानी के कारण जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

धमतरी पुलिस द्वारा पूर्व से बनाई गई प्रभावी सुरक्षा रणनीति के चलते जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान मनाए गए सभी प्रमुख त्योहार भी शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Dhamtari Chhattisgarh News @ Reporter THARUN KUMAR NISHAD

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button