ब्रेकिंग न्यूज़

नगरी में रेत माफिया पर तहसीलदार की बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर जब्त

सीतानदी से धड़ल्ले से हो रहा था अवैध खनन, सभी वाहन सिहावा थाना को सौंपे

 

नगरी | क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। बेलरगांव की सीतानदी में पिछले कई दिनों से रेत माफिया खुलेआम नदी से रेत निकालकर बेच रहे थे, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे। सूचना मिलते ही तहसीलदार अखिलेश देशलहरे ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की।

तहसीलदार ने बताया कि मंगलवार को 2 ट्रैक्टर जब्त किए गए थे, जबकि बुधवार को 5 और ट्रैक्टर पकड़े गए, जिनमें से 3 ट्रालियों में रेत भरी हुई थी। सभी वाहन अवैध रूप से नदी से रेत निकालकर परिवहन करते पाए गए।

प्रशासन की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया और कार्रवाई के बाद सभी 7 ट्रैक्टरों को सिहावा थाना के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतानदी में लंबे समय से धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा था। रेत माफिया खुलेआम नदी का सीना चीरकर रेत निकाल रहे थे और प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कारोबार जारी था। ताजा कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

फैक्ट फाइल

मंगलवार को 2 ट्रैक्टर जब्त

बुधवार को 5 ट्रैक्टर पकड़े गए

3 ट्रालियों में भरी थी रेत

कुल 7 ट्रैक्टर सिहावा थाना को सौंपे गए

अवैध खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

ग्रामीणों ने की लगातार कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीतानदी में अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नदी और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button