ब्रेकिंग न्यूज़

बिना ताला तोड़े दिनदहाड़े चोरी, घर के बाहर छुपी चाभी बनी वारदात की वजह

👉ऑफिसर कॉलोनी में अनोखी चोरी, लाखों के गहने लेकर फरार हुए चोर

👉न सेंधमारी, न ताला टूटा… फिर भी आलमारी से उड़ गए जेवरात

👉घर के बाहर रखी चाभी से खुला राज, चोरों ने कर दी बड़ी चोरी

धनबाद

मधुबन थाना क्षेत्र के बुदोरा ऑफिसर कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। हैरानी की बात यह रही कि न तो घर का ताला टूटा और न ही किसी तरह की सेंधमारी हुई, फिर भी चोरों ने घर के अंदर आलमारी से लाखों रुपये के गहने साफ कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही लोग दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए।

पीड़ित रोहन राज ने बताया कि चोरों ने घर के बाहर छुपाकर रखी चाभी का इस्तेमाल कर मुख्य दरवाजा खोला और अंदर घुस गए। इसके बाद घर के दो कमरों को खंगालते हुए आलमारी की चाभी खोज निकाली और लॉकर खोलकर उसमें रखे करीब 1500 रुपये नकद समेत लगभग तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामानों में सोने का झुमका, चेन, कान के टॉप्स, लॉकेट और चांदी की प्याली शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर रोहन की मां महिला समूह के कार्य से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान रोहन ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह भी बाहर जा रहा है और चाभी को मुख्य दरवाजे के पास छुपाकर रख रहा है। रोहन के बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे चोरों ने मौके का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दे दिया।

कुछ ही देर बाद जब रोहन की मां घर लौटीं तो सामान बिखरा हुआ और जेवरात गायब मिले। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रोहन को दी, जिसके बाद मधुबन थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल रोहन अपनी मां के साथ बीसीसीएल क्वार्टर में रहता है, जबकि उसके पिता रानीगंज में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और बहन डुमरी में रहकर नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही है।

मामले को लेकर मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button