सरस्वती पूजा पर धनबाद पुलिस का कड़ा पहरा, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

👉सरस्वती पूजा में शांति व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस सख्त, डीजे व सड़क पंडाल पर रोक
👉पूजा के नाम पर जबरन चंदा नहीं चलेगा, धनबाद पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश
👉सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, रात 10 बजे बाद लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध
धनबाद। सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों के माध्यम से पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
पुलिस ने साफ किया है कि सरस्वती पूजा के नाम पर किसी भी प्रकार की जबरन चंदा वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राह चलते लोगों को रोककर, दबाव बनाकर या धमकी देकर चंदा मांगने की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि चंदा पूरी तरह स्वैच्छिक और कानून के दायरे में ही लिया जाए।
👉सड़कों पर पूजा व पंडाल लगाने पर पूरी तरह रोक
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सड़क पर पूजा आयोजन या पंडाल निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि कहीं सड़क पर पंडाल लगाया गया तो आयोजकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉डीजे और तेज संगीत पर सख्ती
सरस्वती पूजा और मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डीजे बजाने पर आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर या तेज आवाज में संगीत बजाने पर भी पूर्ण रोक रहेगी। पुलिस ने अश्लील या आपत्तिजनक गानों के प्रयोग पर भी सख्त चेतावनी दी है।
👉नशा और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में शराब या किसी भी प्रकार के नशे में पकड़े जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त की व्यवस्था की गई है।
धनबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरस्वती पूजा को श्रद्धा, सादगी और अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी से सहयोग कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की है।



Subscribe to my channel