ब्रेकिंग न्यूज़

एक बार फिर सिहावा में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार: 53 किलो गांजा सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, डस्टर कार जब्त

 

धमतरी 

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहावा क्षेत्र में की गई सघन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 53 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 26 लाख रुपये आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत सांकरा स्थित वन विभाग के हाईटेक जांच नाका के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम गठित कर इलाके में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया।

जांच के दौरान मैनपुर की ओर से आ रही एक डस्टर कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर चतुराई से छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त करते हुए उसमें सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि सिहावा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इससे पूर्व भी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की सक्रियता से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस का संदेश साफ:

अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button