ब्रेकिंग न्यूज़

SNMMCH में शर्मनाक हरकत: महिला बाथरूम में नहाते वक्त वीडियो बना रहा युवक गिरफ्तार, मोबाइल से मिले कई आपत्तिजनक क्लिप

👉गायनी विभाग के शौचालय का मामला, लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा आरोपी को

👉अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल: महिला का वीडियो बनाते युवक को भीड़ ने दबोचा

👉SNMMCH में महिला की निजता से खिलवाड़, आरोपी के मोबाइल से कई वीडियो बरामद

धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SNMMCH) में शुक्रवार को एक शर्मनाक और निंदनीय घटना सामने आई, जहां स्त्री रोग विभाग के महिला बाथरूम में नहा रही एक महिला का चोरी-छिपे वीडियो बनाते हुए एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के विनोदपुर निवासी अजीत राम (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी शुक्रवार दोपहर अपनी बाइक से अस्पताल परिसर पहुंचा और पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बाद सीधे गायनी विभाग स्थित महिला शौचालय में घुस गया। उसी दौरान बाथरूम में स्नान कर रही एक महिला का वह अपने मोबाइल फोन से गुप्त रूप से वीडियो बनाने लगा। जैसे ही महिला की नजर मोबाइल कैमरे पर पड़ी, उसने शोर मचा दिया।

महिला की आवाज सुनते ही मौके पर तैनात होमगार्ड के जवान और मरीजों के परिजन वहां पहुंच गए। खुद को घिरा देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे धर दबोचा। आरोपी के पकड़े जाने के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों का आक्रोश भड़क उठा और भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। होमगार्ड जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाकर अस्पताल की आरक्षी चौकी तक पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से न केवल पीड़ित महिला का वीडियो, बल्कि कई अन्य महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पहने हुए कपड़े और उसकी बाइक जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी इन वीडियो का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग या सोशल मीडिया पर वायरल करने के उद्देश्य से तो नहीं करता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button