ढाई लाख की ज्वेलरी बेचकर खरीदी अपाचे बाइक, बोकारो से दबोचा गया सूरज दास

👉 ज्वेलरी चोरी कर अपाचे बाइक खरीदने वाला सूरज दास गिरफ्तार
👉 टोटो में छूटा बैग बना बड़ी चोरी का कारण, जोगता पुलिस ने चतुराई से पकड़ा आरोपी
👉लाखों की ज्वेलरी गायब, लोकेशन ट्रैक कर बोकारो से हुई चोर की धरपकड़
धनबाद/कतरास: जोगता थाना क्षेत्र में ढाई लाख रुपये की ज्वेलरी और कंप्यूटर चोरी कर फरार हुए कांड संख्या 35/25 के मुख्य आरोपी सूरज दास को पुलिस ने नाटकीय अंदाज़ में आखिरकार दबोच लिया। आरोपी को बोकारो जिले के पिंडरा जोरा इलाके से रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया।
घटना 1 नवंबर की है। कतरास निवासी कौशल कुमार अपनी पत्नी पूजा कुमारी के साथ मुडीडीह नंबर 2 स्थित अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने पर पता चला कि टोटो में रखा ज्वेलरी और कंप्यूटर वाला बैग वहीं छूट गया है। रात होने के कारण अगली सुबह टोटो और बैग की काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः पीड़ित दंपती ने जोगता थाना में मामला दर्ज कराया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस सूरज दास के तोपचांची थाना क्षेत्र के साधोबाद स्थित पैतृक घर पहुंची, लेकिन वह पहले ही ज्वेलरी लेकर फरार हो चुका था। पुलिस को वहां केवल चोरी गया कंप्यूटर मिला।
इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नज़र बनाए रही। रविवार को सूचना के आधार पर टीम बोकारो के पिंडरा जोरा पहुंची और घेराबंदी कर सूरज दास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की ज्वेलरी बेच दी और उससे अपाचे मोटरसाइकिल खरीद ली।
गहनों की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया है।

Subscribe to my channel