धनबाद सदर अस्पताल में आदर्श एमटीसी का लोकार्पण, डीसी ने कहा—बच्चों को मिलेगी बेहतर पोषण देखभाल

👉 धनबाद में कुपोषण से लड़ने की नई पहल—14 बेड का आधुनिक एमटीसी तैयार
👉नए रूप में सजा कुपोषण उपचार केंद्र, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
👉बच्चों के अनुकूल माहौल वाला आदर्श एमटीसी शुरू, साफ-सफाई से लेकर पोषण तक विशेष फोकस
धनबाद, 29 नवंबर 2025
सदर अस्पताल परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) तैयार हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने नव-निर्मित केंद्र का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
पहले एमटीसी एक छोटे कमरे में 10 बेड क्षमता के साथ संचालित हो रहा था। उपायुक्त के निर्देश पर इसे विस्तार देते हुए एनसीडी बिल्डिंग में 14 बेड का पूर्ण विकसित आदर्श एमटीसी तैयार किया गया है। यहां उपचार के साथ-साथ बच्चों के मनोरंजन, शिक्षा और मनोवैज्ञानिक विकास से जुड़ी सुविधाएँ भी बनाई गई हैं।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य और देश में कुपोषण अभी भी एक चुनौती है। कई बार बच्चे पूरी डोज लिए बिना घर लौट जाते हैं, जिससे वे फिर से कुपोषण के दायरे में फँस जाते हैं। इसलिए ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है कि बच्चे और उनके परिजन स्वयं यहाँ रहना पसंद करें।
उन्होंने बताया कि नए एमटीसी में मॉड्यूलर किचन, साफ-सफाई का बेहतर प्रबंधन, पौष्टिक भोजन तैयार करने की व्यवस्था और चाइल्ड-फ्रेंडली ज़ोन विकसित किया गया है। इससे बच्चों का मन लगेगा और परिवार भी उपचार को लेकर सहज महसूस करेगा। बच्चों का प्रतिदिन ग्रोथ मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि लक्ष्य है कि धनबाद का यह एमटीसी आने वाले समय में पूरे राज्य के लिए एक आदर्श मॉडल बने। जिले के अन्य कुपोषण केंद्र भी इसी तर्ज पर बेहतर बनाए जाएँगे।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, DMFT टीम और भवन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Subscribe to my channel