धनबाद में किन्नर समाज के दो गुटों में टकराव तेज, सुनैना किन्नर बीच सड़क पर धरने पर बैठीं

👉 छमछम देवी बनाम सुनैना गुट: क्षेत्रीय वर्चस्व पर धनबाद में फिर भड़का विवाद, सड़क पर जाम
👉 सुनैना किन्नर का रणधीर वर्मा चौक पर धरना, पुलिस कार्रवाई की मांग पर अड़ीं
👉 लगातार बढ़ रहा तनाव: किन्नर समाज के दो गुटों की खींचतान पहुंची सड़क पर
धनबाद:
शहर में किन्नर समाज के भीतर गहराता विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छमछम देवी गुट और सुनैना किन्नर गुट के बीच क्षेत्रीय अधिकार को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही तनातनी सोमवार को फिर उफान पर पहुंच गई। सुनैना किन्नर अपने समर्थकों के साथ अचानक रणधीर वर्मा चौक पहुंचीं और मुख्य सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ट्रैफिक पुलिस ने बार-बार सड़क खाली करने का आग्रह किया, लेकिन सुनैना किन्नर मानने को तैयार नहीं हुईं। मौके पर धनबाद थाना की पुलिस टीम भी पहुंची और समझाने की कोशिश की, मगर उन्होंने साफ कहा कि “जब तक कार्रवाई नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।”
सुनैना किन्नर का आरोप है कि छमछम देवी गुट उनके निर्धारित क्षेत्र में आकर परंपरा के खिलाफ जाकर बधाई मांगने का काम कर रहा है। विरोध करने पर उनके साथियों के साथ मारपीट की घटनाएँ भी हो रही हैं। उनका दावा है कि रविवार को भी उनकी एक साथी के साथ बर्बर व्यवहार किया गया, पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की जाती, वे धरने से नहीं उठेंगी। विवाद बढ़ने से शहर में दोबारा तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस शांतिपूर्ण समाधान की कोशिशों में जुटी है।

Subscribe to my channel