Himachal Pradesh News : ऑस्ट्रेलिया में भारत की डिप्टी हाई कमिश्नर बनीं लाहौल की इरीना अंतरराष्ट्रीय जगत में देव भूमि हिमाचल का नाम हुआ रोशन
ब्यूरो चीफ ओम प्रकाश शर्मा शिमला हिमाचल प्रदेश
हिमाचल के लाहौल की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। घाटी के शंशा गांव की रहने वाली भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी इरीना ठाकुर को भारत सरकार ने ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा स्थित भारतीय उच्च आयोग में डिप्टी हाई कमिश्नर नियुक्त किया है। इरीना ठाकुर को साल 2012 में सिविल सेवा परीक्षा के जरिए इंडियन फॉरेन सर्विस मिला था। वह विदेश मंत्रालय के कई अहम पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। श्रीलंका के कोलंबो में भारतीय उच्च आयोग में प्रथम सचिव के रूप में रहते हुए उन्होंने भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा विदेश नीति निर्माणकूटनीतिक संबंधों, पासपोर्ट और वीजा सेवाओं में भी उनका विशेष अनुभव रहा है। भारत सरकार की ओर से उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपना उनकी मेहनत और दक्षता का परिचायक है, साथ ही यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत का भी उदाहरण है। सीमांत क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।हिमाचल की बेटी की इस न्युक्ति से देवभूमि हिमाचल प्रदेश अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा है । ओम प्रकाश शर्मा ब्यूरो चीफ इंडियन क्राइमन्यूज़ शिमला।