Bhopal

FSSAI ने खाद्य व्यवसाय परिसरों में ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप क्यूआर कोड प्रदर्शित करना अनिवार्य किया

उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करने में मिलेगी मदद

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए एक निर्णायक कदम उठाते हुए, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को, जिनमें रेस्तरां, ढाबे, कैफे और भोजनालय शामिल हैं, अपने FSSAI लाइसेंस पंजीकरण प्रमाणपत्र को ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप के क्यूआर कोड के साथ ग्राहकों को दिखाई देने वाले स्थानों जैसे प्रवेश द्वार, बिलिंग काउंटर या मुख्य डाइनिंग एरिया में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। इस उपाय का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शिकायत निवारण के लिए एक सीधा और उपयोगकर्ता के अनुकूल मंच प्रदान करके सशक्त बनाना है।खाद्य सुरक्षा निगरानी और उपभोक्ता सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक कदम के रूप में, FSSAI ने फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का क्यूआर कोड FSSAI लाइसेंस और पंजीकरण के पहले पृष्ठ पर उपलब्ध करा दिया है। देशव्यापी परामर्श में, सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को इसे अपने परिसरों में प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। यह एफएसएस (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की लाइसेंस शर्त संख्या 1 के अनुपालन में है। इसके अतिरिक्त, FBOs को अपनी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, जिनमें वेबसाइटें और ऑनलाइन फूड ऑर्डरिंग प्लेटफॉर्म शामिल हैं पर भी ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप के लिए क्यूआर कोड या सीधा डाउनलोड लिंक प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। FSSAI का ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप, एक उपयोगकर्ता के अनुकूल मंच है, जो उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी मुद्दों के बारे में शिकायतें दर्ज करने, खाद्य उत्पादों पर भ्रामक दावों की रिपोर्ट करने, लाइसेंस प्राप्त और पंजीकृत सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को के बारे में बुनियादी जानकारी प्राप्त करने और FSSAI की नवीनतम खाद्य सुरक्षा पहलों और अलर्ट के बारे में सूचित रहने की अनुमति देता है। ऐप के माध्यम से दर्ज की गई शिकायतें स्वचालित रूप से संबंधित क्षेत्राधिकार प्राधिकारी को भेज दी जाती हैं, जो त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करती हैं और उपभोक्ता शिकायतों को संबोधित करने में देरी को कम करती हैं। यह पहल एक स्वस्थ राष्ट्र के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भोजन की संस्कृति के निर्माण के FSSAI के दृष्टिकोण को रेखांकित करती है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button