तेज प्रताप यादव का बड़ा राजनीतिक दांव . विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान
तेज प्रताप यादव ने VVIP पार्टी से किया गठबंधन, बिहार चुनाव में हेलीकॉप्टर बाबा संग उतरेंगे मैदान में

तेज प्रताप यादव का बड़ा राजनीतिक दांव, VVIP पार्टी संग गठबंधन कर विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान
पटना।
बिहार की सियासत में एक बार फिर से भूचाल आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने मंगलवार को पटना के मौर्य होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि वे VVIP पार्टी के साथ मिलकर आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
तेज प्रताप ने बताया कि यह गठबंधन अब प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। उन्होंने कहा कि वह हेलीकॉप्टर बाबा के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे और बदलाव की राजनीति की शुरुआत करेंगे।
राजद और परिवार से अलग होकर बनाई थी ‘टीम तेज प्रताप’
कुछ महीने पहले तेज प्रताप यादव को अनुष्का प्रकरण के बाद लालू यादव ने पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने ‘टीम तेज प्रताप’ के नाम से अपना नया संगठन बनाया और सक्रिय राजनीति में बने रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने कहा,
“मैं न पद का भूखा हूं, न मुझे कुछ चाहिए। मैं निर्दलीय लड़ रहा था, लेकिन लोगों का भरपूर समर्थन मिला है। यादव और मुस्लिम समाज को साथ लेकर चलना हमारा उद्देश्य है।”
तेजस्वी पर तीखा हमला
तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा,
“जो तेजस्वी के साथ मिलकर साजिश रच रहे हैं, उनका जल्द ही पर्दाफाश होगा। मैं जयचंदों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहता।”
VVIP पार्टी क्या है?
गौरतलब है कि VVIP पार्टी, प्रदीप निषाद द्वारा बनाई गई है, जो पहले वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के करीबी रह चुके हैं। बाद में दोनों के बीच मतभेद होने पर प्रदीप निषाद ने VVIP नाम से अलग राजनीतिक दल की स्थापना की थी।
तेज प्रताप ने अपने गठबंधन में राजद और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों को भी शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि अगर राजद साथ आना चाहे, तो उनका स्वागत है, लेकिन वो किसी की शर्तों पर राजनीति नहीं करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप यादव का यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की राजनीति को नई दिशा दे सकता है।



Subscribe to my channel