बिहार
Trending

मतदाता सूची में तकनीकी गड़बड़ी से मतदाताओं में भ्रम, आयोग से स्पष्टता की मांग

मतदाता सूची में तकनीकी भ्रम से मतदाता परेशान, आयोग दे स्पष्टता

पटना। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन तो कर दिया है, लेकिन इस सूची को लेकर राज्यभर में मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कहीं नाम दिख रहा है तो कहीं पोर्टल दस्तावेज अपलोड करने का संदेश दे रहा है, जिससे मतदाता असमंजस में हैं।

प्रारूप सूची में नाम, फिर भी मांगे जा रहे दस्तावेज
कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के कंकड़बाग स्थित द्वारका कॉलेज बूथ के मतदाता राज आर्यन ने 9 जुलाई को ऑनलाइन फॉर्म भरकर सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड किए थे। लेकिन अब जब उन्होंने स्टेटस चेक किया, तो वेबसाइट पर लिखा मिला – “आपका नाम 1 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक सूची में शामिल है, कृपया दस्तावेज अपलोड करें।”

ठीक यही स्थिति दीघा विधानसभा के राजीव नगर स्थित विकास पब्लिक स्कूल बूथ की सुनीता सिंह के साथ भी देखने को मिल रही है।

बांकीपुर, दानापुर समेत कई क्षेत्रों में असमंजस
बांकीपुर और दानापुर विधानसभा क्षेत्रों में भी कई मतदाताओं को इसी तरह की तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दानापुर के प्रशांत शेखर को उनके बीएलओ ने बताया कि उनका नाम सूची में आ चुका है, लेकिन पोर्टल पर उन्हें भी दस्तावेज अपलोड करने का सुझाव दिया जा रहा है।

इस तरह की स्थिति में लोग उलझन में हैं कि चुनाव आयोग का पोर्टल ठीक से अपडेट नहीं हुआ है या कोई तकनीकी गड़बड़ी है। मतदाताओं ने आयोग से इस असमंजस की स्थिति पर स्पष्ट बयान जारी करने की मांग की है।

दावा-आपत्ति प्रक्रिया शुरू, 1 सितंबर तक समय
निर्वाचन आयोग ने 3 अगस्त से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी प्रखंड मुख्यालयों और नगर निकाय कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए गए हैं, जहां मतदाता:

अपना नाम जोड़ सकते हैं

नाम हटवा सकते हैं

गलतियों में सुधार करवा सकते हैं

यह प्रक्रिया 1 सितंबर 2025 तक जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।

नए मतदाताओं के लिए भी सुनहरा अवसर
जो लोग पहली बार वोटर बनना चाहते हैं, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी प्रखंड और निकाय कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।

निर्वाचन आयोग सभी पात्र मतदाताओं को नया EPIC कार्ड देगा। मतदाताओं से अनुरोध है कि वे अपने ताजा फोटो और जानकारी बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

क्या करें मतदाता? सुझाव:
* चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम EPIC नंबर से जांचें

* त्रुटि हो तो दावा/आपत्ति फॉर्म भरें

* बीएलओ से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करें

* अंतिम तारीख 1 सितंबर 2025 से पहले प्रक्रिया पूरी करें

 

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button