
पटना में भारी बारिश से हाहाकार: सड़कों से लेकर अस्पतालों तक जलजमाव, जनजीवन ठप
पटना, 29 जुला
ई — राजधानी पटना में लगातार हो रही तेज बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया है। बीते दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के कारण पटना के अधिकांश इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। डाकबंगला चौराहा, स्टेशन क्षेत्र, कंकड़बाग, राजेंद्र नगर, पटना सिटी और राजीव नगर जैसे मुख्य इलाके 3 से 4 फीट पानी में डूब गए हैं। इसके चलते आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
सड़कें बनी तालाब, ट्रैफिक जाम

शहर की सड़कों पर पानी का सैलाब है। बाजारों, कॉलोनियों और मुख्य सड़कों पर गाड़ियां रेंग रही हैं या पूरी तरह बंद हैं। कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर भी पानी भर गया है, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, हवाई यात्राओं पर भी असर पड़ा है।
घरों-दुकानों में घुसा पानी

कई इलाकों में जलजमाव इतना गंभीर हो गया है कि लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। कंकड़बाग के मेदांता अस्पताल, पीएमसीएच, एनएमसीएच समेत कई प्राइवेट अस्पताल और स्कूल भी इसकी चपेट में आ गए हैं। खेतान मार्केट और हथुआ मार्केट जैसे प्रमुख बाजार बंद कर दिए गए हैं, वहीं कई दुकानों में पानी भर चुका है।
राजीव नगर में नाला बना संकट

राजीव नगर इलाके में नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खुले नालों के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। कई परिवार घरों में कैद होकर रह गए हैं और जरूरी कामों को भी टालना पड़ रहा है।
प्रशासनिक भवन भी नहीं बचे

जलजमाव से गर्दनीबाग अस्पताल, विधानसभा परिसर, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का आवास, एमएलसी नीरज कुमार का सरकारी आवास और कई प्रशासनिक भवन भी प्रभावित हैं।
जलनिकासी व्यवस्था चरमराई

नालों की समय पर सफाई नहीं होने और सड़कों की खुदाई अधूरी रहने के कारण जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने पटना सहित बिहार के 20 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों तक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाकर रखें।
![]()



Subscribe to my channel