बिहार
Trending

गंगा का जलस्तर घटा, तटबंध टूटा: नवगछिया में स्पर संख्या-9 पर 75 मीटर में कटाव

नवगछिया: गंगा में जलस्तर घटते ही इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर भारी कटाव, छह करोड़ की बॉल्डर क्रेटिंग 27 दिन में ढही

भागलपुर/नवगछिया: गोपालपुर प्रखंड के इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध स्थित स्पर संख्या-9 पर रविवार देर शाम गंगा नदी में जलस्तर घटने के बाद भीषण कटाव शुरू हो गया। डाउनस्ट्रीम में लगभग 70-75 मीटर क्षेत्र में कटाव से हड़कंप मच गया। जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटाव रोकने के लिए आपात फ्लड फाइटिंग शुरू की गई।

कटाव की सूचना मिलते ही कनीय अभियंता रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता अमितेश कुमार तथा कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे में कार्य कठिन होने के बावजूद तत्काल एनसी बॉडी गिराने का निर्देश दिया गया।

विशेष बात यह है कि स्पर संख्या-9 पर एभरग्रीन कंपनी द्वारा हाल ही में 6 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 145 मीटर बॉल्डर क्रेटिंग का कार्य 30 जून को पूरा किया गया था, जो मात्र 27 दिन में ढह गया। इससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की क्वालिटी कंट्रोल टीम केवल औपचारिकता निभाती है, जिससे ठेकेदारों को घटिया निर्माण करने की छूट मिल जाती है।

जलस्तर घटने के साथ कटाव की आशंका और बढ़ी
कहलगांव में गंगा का जलस्तर अब खतरे के निशान (31.09 मीटर) से 9 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन चेतावनी स्तर से अभी भी 92 सेंटीमीटर ऊपर है। गंगा समेत कुआ, घोघा, गेरूआ और भयाना जैसी सहायक नदियों में भी जलस्तर घट रहा है, जिससे चौर क्षेत्रों में बाढ़ का पानी निकलने लगा है।

किसानों की चिंता बढ़ी
तोफिल महंत बाबा स्थान और अनठावन गांव में कटाव की गति अब भी जारी है। मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल ने बताया कि उपजाऊ जमीन कट रही है, जिससे किसान मक्का और अन्य फसलें काटकर मवेशियों को खिला रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे जलस्तर और घटेगा, कटाव की गति और तेज हो सकती है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button