IC News and Media House Private Limited


उत्तराखण्डराज्यशिक्षा

Uttarakhand News विज्ञान पुस्तक प्रदर्शनी के साथ उत्साह से मना विज्ञान दिवस

रिपोर्टर नारायण सिंह पिथौरागढ़ उत्तराखंड

आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर वनस्पति विज्ञान विभाग और ‘आरंभ स्टडी सर्कल’ के संयुक्त तत्वाधान में पिथौरागढ महाविद्यालय में ‘विज्ञान पुस्तक प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ सरोज वर्मा, डॉ कमलेश भाकुनि और डॉ हेम पांडे द्वारा प्रोफेसर शंकर मंडल, डॉ.भारती, डॉ.मनीषा, डॉ.गुरुरानी समेत अनेक विभागों के शिक्षक, महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में किया गया.प्रदर्शनी में विज्ञान के राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात विज्ञान लेखकों की अनेकों विषयों पर पुस्तकें प्रदर्शित की गई. क्वांटम मेकैनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, कैंसर, जीन, कोशिका, जैव विविधता, गणित, खगोल विज्ञान, आपेक्षिकता सिद्धांत, महासागरों, ज्योतिर्विज्ञान, मशीन लर्निंग व मानव इतिहास विषयों की पुस्तकें मौजूद रहीं. प्राचीन भारतीय संस्कृति में विज्ञान, वैज्ञानिकों और भ्रांतियों पर हिंदी और मराठी में लेखन करने वाले गुणाकर मुले की सारी पुस्तकें चर्चा का विषय रहीं. नोबेल प्राप्त वैज्ञानिकों की किताबें, विज्ञान पर चर्चित निबंध, लेख, वैज्ञानिकों के जीवन प्रसंग, जीवनियाँ, सरस भाषा में दैनिक जीवन के विज्ञान को समझती बहुत सी अन्य रोचक किताबें पुस्तक प्रदर्शनी में उपलब्ध रही.बॉटनी विभागाध्यक्ष डॉ कमलेश भाकुनि ने कहा कि विज्ञान के छात्रों में विज्ञान गल्प और संबंधित साहित्य को लेकर कम जानकारी है. विज्ञान को व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखने के लिए इस तरह की किताबों को आदत में शुमार करने की जरूरत है. इस दिशा में यह प्रदर्शनी जरूर सफल हुई है. डॉ हेम पांडेय ने कहा कि विज्ञान की इतनी बड़ी मात्रा में पुस्तकों का एक जगह पर मिलना सुखद है. पिछले कुछ समय से नियमित रूप से छात्रों के लिए प्रदर्शनियों का आयोजन हो रहा है और उसका परिणाम भी इन किताबों में बढ़ती रुचि के रूप में दिख रहा है. प्रदर्शनी में मौजूद किताबों के बारे में जानकारी देते हुए शीतल ने बताया कि ग़ैर विज्ञान विषय के छात्र-छात्राओं तक विज्ञान का ज्ञान आसान भाषा में पहुँच सके इस उद्देश्य से सामान्य विज्ञान पर केंद्रित किताबें भी प्रदर्शनी में उपलब्ध थी.

आरंभ स्टडी सर्किल के दीपक ने बताया कि विज्ञान पर केंद्रित 200 से भी अधिक हिंदी अंग्रेजी भाषा में किताबें प्रदर्शनी में मौजूद रही. इन किताबों में हर उम्र और हर स्तर के विद्यार्थी की रूचि का ख्याल रखा गया था. पहली बार विज्ञान केंद्रित पुस्तकों की प्रदर्शनी को लेकर विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया. विज्ञान वय के विद्यार्थियों ने कहा कि कोर्स से जुड़ी किताबों के बाहर विज्ञान को देखना हमारे लिए उन अवधारणाओं को समझने में बेहद मददगार होता है. बीएससी की छात्रा स्नेहा ने कहा कि यह तो पता था कि विज्ञान दिवस प्रतिष्ठित भारतीय वैज्ञानिक सीवी रमन की याद में मनाया जाता है लेकिन आज पहली बार उन पर किताबें यहां देखने को मिली. मैंने उनकी जीवनी पढ़ने के लिए प्राप्त की. इस प्रदर्शनी का संचालन करने में एकता, शीतल महर, गार्गी पाठक, हिमांशु, निर्मल, गणेश, अमित, मोहित, रजत, दीपक आदि विद्यार्थी शामिल रहे.

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button