Uttar Pradesh News नौ मोहर्रम का जुलूस आज, फिर छावनी बनेगी चौहट्टा चारों तरफ नजर आएगी खाकी, जिले के आला अधिकारी पिहानी में रहेंगे मौजूद

रिपोर्टर रोहित पाल हरदोई उत्तर प्रदेश
कहने को पिहानी कस्बे में मोहर्रम के दौरान छोटे-बड़े 40 जुलूस है, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन की सारी कसरत चौहट्टा मस्जिद के सामने होकर गुजरने वाले दो जुलूसों को लेकर होती है। बुधवार को सात मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से गुजर गया। अब पुलिस सारा फोकस आज शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे निकलने वाले नौ मोहर्रम जुलूस पर लगाए है। आज निकलने वाले नौ मोहर्रम जुलूस को लेकर एक बार फिर चौहट्टा मस्जिद छावनी का रूप लेगा। उक्त जुलूस खुरमुली मुहल्ले से उठ कर चौहट्टा मस्जिद के सामने से होता हुआ मरहूम पूर्व नपाप अध्यक्ष अली बहाव जैदी (बब्बे मियां) के आवास स्थित अली कुली इमामबाड़े तक जाता है। इमामबाड़े में पहुंचने के बाद पूरी रात भर जुलूस बब्बे मियां के फाटक के अंदर ही भ्रमण करता है। जुलूस चौहट्टा मस्जिद में होने वाली अस्र की नमाज के बाद वहां से गुजरता है। इस दौरान पुलिस बल मस्जिद की तरफ दीवार बनाकर लाइन से खड़े हो जाते हैं। मस्जिद के आसपास के मकानों को सात मोहर्रम की तरह ही खाली करा दिया जाता है और उन पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात कर दिए जाते हैं। बताते चलें कि कई साल पहले सात मोहर्रम जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी के कारण अब पुलिस चौहट्टा मस्जिद के सामने से होकर गुजरने वाले जुलूसों में काफी सख्ती बरतती है। जिस मार्ग से होकर जुलूस गुजरता है उसको छोड़ सारे मार्गो पर बेरिकेटिंग कर देती है व छतों से लेकर गलियों तक में सिर्फ खाकी ही खाकी नजर आती है।



Subscribe to my channel