Madhya Pradesh News चेम्बर ऑफ कॉमर्स की नवीन टीम बेहतर कार्य कर रही है : डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल
नवीन टीम के नवाचार व डायनामिक वेबसाइट से सदस्यों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी : श्री अरविन्द अग्रवाल

रिपोर्टर पवन कुमार गुप्ता ग्वालियर मध्य प्रदेश
हर कागज का डिजिटलाइजेशन होने से हमारी धरोहर सुरक्षित रहेगी : श्री विजय गोयल
MPCCI टीम 2023-2026 के गठन के छ: माह पूर्ण होने पर छ: माह का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत, डायनामिक वेबसाइट का लोकार्पण के साथ स्वच्छता की ली गई शपथ
ग्वालियर मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (एमपीसीसीआई) की 2023-2026 टीम का गठन 18 जनवरी,2023 को हुआ था। 18 जुलाई,2023 को कार्यकाल के छह माह पूर्ण होने पर चेम्बर पदाधिकारियों द्बारा प्रथम बार छह माह का रिपोर्ट कार्ड चेम्बर के सदस्यों के समक्ष 18 जुलाई को सायं 04.30 बजे ‘चेम्बर भवन` में सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर संस्था की नव सुसज्जित डायनामिक वेबसाइट का लोकार्पण एवं स्वच्छता की शपथ भी ली गई। इस अवसर पर पूर्व अध्यगण-डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल, श्री अरविन्द अग्रवाल एवं श्री विजय गोयल के साथ ही नवीन टीम के अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-हेमंत गुप्ता, उपाध्यक्ष-डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-पवन कुमार अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल मंचासीन थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व अध्यक्षगणों का फलों की टोकरी के साथ अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल द्बारा अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज हम अपना रिपोर्ट कार्ड अपने परिवार व पूर्व अध्यक्षगणों के समक्ष रख रहे हैं, जिनसे हमने कार्य करना सीखा है। हम पदाधिकारी एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं, जब भी किसी कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा कर जाती है, तो सभी समान भाव से उस पर कार्य करते हैं, हम आगे भी इसी भांति कार्य करते रहेंगे। हमारी टीम कई नवाचार कर रही है- पड़ाव चेम्बर व चेम्बर संवाद इसका उदाहरण है। अभी हमारी टीम को 6 माह हुए हैं, आगामी 2.5 वर्ष में आंचलिक बैठकें, प्रदेश स्तरीय उद्योग-व्यापार सम्मेलन किये जाएंगे। हमारी टीम ने सौर ऊर्जा क्रांति मिशन प्रारंभ किया है। व्यापारिक विवादों निपटारी आपसी सहमति से हो, इसके लिए व्यापारिक विवाद निपटान समिति का गठन किया गया है। गारबेज शुल्क के युक्तियुक्तकरण पर हमारे प्रयासों का परिणाम आगामी एक माह में निकलकर आए, इसके लिए हमारी टीम निरंतर प्रयास कर रही है।
मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल द्बारा छह माह का रिपोर्ट उपस्थित महानुभावों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि हमारी टीम ने अल्प अवधि में जो कार्य किये हैं, उन्हें आपके समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि आपसे प्राप्त सुझाव व प्रेरणा से हम आगे भी बेहतर कार्य कर सकें। आपके द्बारा चेम्बर ऑफ कॉमर्स के आधारभूत ढांचे में किये जा रहे परिवर्तन, गूगल डाटा फार्म, वॉटर हार्वेस्टिंग, चेम्बर के दस्तावेजों का डिजिटलाइजेशन, अनुपयोगी सामान का निस्तारण, सहित पड़ाव चेम्बर, चेम्बर संवाद, बजट पर आयोजित बैठक, गारबेज शुल्क पर किये गये प्रयास, केन्द्रीय मंत्रीगणों से की गई सौजन्य भेंट, आधार कार्ड शिविर, नवीन दाल बाजार के लिए भूमि, एमएसएमई की पाठशाला, सौर ऊर्जा सम्मेलन, महिला उद्यमिता सम्मेलन, महाराज बाड़ा पर टाउन हॉल के सामने 7.50 मीटर सड़क के लिए किया गया संघर्ष, फिक्की मुख्यालय में की गई विजिट, ज्वेलर्स जागरूकता कार्यक्रम को पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से सदस्यों के समक्ष रखा। साथ ही, अपकमिंग ईवेंट्स सोलर फेयर, मुंबई डब्बेवाला की जानकारी भी सदस्यों को प्रदान की। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व अध्यक्षगण एवं पदाधिकारियों द्बारा एक क्लिक के माध्यम से चेम्बर की डायनामिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। साथ ही, स्वच्छता पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल द्बारा कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई ताकि हमारा ग्वालियर आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर 1 बन सके। पूर्व अध्यक्ष-श्री विजय गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज कार्यक्रम में बड़ी सुखद अनुभूति हुई कि हम आज अपने परिवार के समक्ष बैठक अपने कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत कर रहे हैं। राजमाता श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया सभागार में जो नवीन ए.सी. सिस्टम लगाया गया है, उसकी वास्तव में चेम्बर को आवश्यकता थी। हर कागज का डिजिटलाइजेशन नवीन टीम द्बारा किया जा रहा है, इससे हमारी धरोहर सुरक्षित रहेगी। नवीन टीम द्बारा गारबेज शुल्क पर जो प्रयास किये गये और उस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री शिवराज सिंह जी चौहान द्बारा जो आश्वासन दिया गया है, इससे निश्चित ही गारबेज शुल्क का युक्तियुक्तिकरण होगा। नवीन टीम द्बारा किये गये कार्य प्रशंसनीय हैं, मैं पूरी टीम को इसके लिए बधाई देता हूँ। पूर्व अध्यक्ष-श्री अरविन्द अग्रवाल ने कहा कि टीम 2023-26 ड्रीम टीम बनने वाली है क्योंकि यह टीम अपने कार्य क्षेत्र के हर पॉइंट को कवर कर रही है जो नवाचार आप कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय हैं खासतौर पर पड़ाव चेम्बर व चेम्बर संवाद इसकी बहुत आवश्यकता थी। आपने आशा व्यक्त की कि नवीन टीम चेम्बर में रिक्त भूमि पर नवीन निर्माण की दिशा में भी कार्य करेगी।
आपके द्बारा डायनामिक वेबसाइट में बी2बी बिजनिस के लिए इंडिया मार्ट का पैटर्न अपनाने का सुझाव दिया। पूर्व अध्यक्ष-डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल ने चुटीले अंदाज में कहा कि रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने की बात पर ऐसा लगा कि चेम्बर के चुनाव आ गये हैं क्योंकि आमतौर पर रिपोर्ट कार्ड कार्यकाल के अंत में प्रस्तुत किया जाता है। चेम्बर द्बारा पहली बार अनुपयोगी सामान का निस्तारण किया गया है। सभी लोग मिलकर कार्य कर रहे हैं, इनकी जितनी प्रशंसा की जाये कम है। मुझे यह महसूस होता है कि चेम्बर की हर टीम संस्था के इतिहास में नये आयाम स्थापित करती है। फिक्की से संपर्क नवीन टीम स्थापित कर रही है, इससे संस्था को लाभ प्राप्त होगा। आपने नवीन टीम को पेट्रोल पंप वाली रिक्त भूमि पर भवन निर्माण की सलाह चुनौती के रूप में दी ताकि आने वाले 100 वर्षों तक लोग उसको याद रखें। बैठक के अंत में पूर्व अध्यक्षगणों को पदाधिकारियों द्बारा स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। आभार कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल द्बारा तथा संचालन मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल द्बारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पदाधिकारीगण सर्वश्री जी.एल.भोजवानी, राधाकिशन खेतान, पारस जैन एवं जगदीश मित्तल सहित कार्यकारिणी समिति सदस्यगण एवं काफी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel