Madhya Pradesh News प्रधान डाकघर में प्रारंभ हुआ ग्राहक सुविधा केंद्र

रिपोर्टर श्रवण वर्मा जिला गुना मध्य प्रदेश
गुना डाक संभाग के द्वारा एक और अभिनव पहल करके आम जनता के लिए प्रधान डाकघर में सुविधा काउंटर खोला गया है । वर्तमान में स्थानीय डाक प्रशासन हमेशा डाकघर के द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं अपने सम्माननीय ग्राहकों तक पहुंचाने में तत्पर रहता है। इसी क्रम में प्रधान डाकघर गुना में ग्राहकों की सुविधा हेतु ” ग्राहक सुविधा काउंटर” का शुभारंभ माननीय श्री पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएं, मुख्यालय परिक्षेत्र भोपाल द्वारा किया गया। इस काउंटर को खोले जाने हेतु पहल श्री विनय श्रीवास्तव, अधीक्षक डाकघर गुना संभाग द्वारा की गई थी क्योंकि काफी समय से सम्माननीय ग्राहकों द्वारा इस आशय की मांग की जा रही थी। इस काउंटर के खोले जाने से ग्राहकों की समुचित समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो सकेगा। वर्तमान में डाक विभाग के द्वारा भारत सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं एवं बचत योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता रहा है। सुविधा काउंटर के द्वारा ग्राहकों को उनकी आवश्यकताओं एवं उनकी पात्रता के हिसाब से सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी एवं लाभकारी योजनाओं में निवेश उनके लिए लाभकारी होगा इस बारे में उनकी सहायता की जाएगी । डाकघर के द्वारा सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम, मंथली इनकम स्कीम, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, सुकन्या समृद्धि अकाउंट एवं हाल ही में प्रारंभ किए गए महिला सम्मान बचत पत्र जैसी निवेश की अनेक आकर्षक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर एएसपी रविंद्र भार्गव, निरीक्षक धीरज साकेत, प्रधान डाकपाल बालमुकुंद मिश्रा, सिस्टम मैनेजर सचेंद्र तिवारी, मनु शर्मा एवं रूपाली श्रीवास्तव उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel