IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : केन-बेतवा परियोजना के पुनर्वासित परिवारों के लिए किए गए प्रशासन के नवाचारों की संयुक्त सचिव ने की सराहना

नवीन बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को सराहा, शेष मुआवजा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

सोमवार को केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण एवं भू-अर्जन, ढौड़न डैम निर्माण, लिंक नहर के लिए भूमि अधिग्रहण एवं भू-अर्जन तथा प्रभावित एवं पुनर्वासित परिवारों को पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केन-बेतवा परियोजना से संबंधित संयुक्त सचिव (ग्रामीण विकास एवं परियोजना योजना) द्वारा की गई। बैठक में छतरपुर जिले से जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी, संबंधित एसडीएम, कार्यपालन यंत्री केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संयुक्त सचिव ने छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए किए गए त्वरित भू-अर्जन कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर भू-अर्जन की प्रक्रिया जिला प्रशासन के सहयोग से तेजी के साथ पूर्ण की गई है। उन्होंने शेष मुआवजा प्रकरणों में पात्र मुआवजाधारियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

पुनर्वासित परिवारों के लिए किए गए प्रशासन के नवाचारों की सराहना संयुक्त सचिव ने छतरपुर जिला प्रशासन द्वारा केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित एवं पुनर्वासित परिवारों के लिए किए जा रहे कार्यों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पुनर्वासित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ नवीन बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। नवीन बसाहटों में तत्काल अस्थाई आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन प्रारंभ किया गया है। विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्यवाही की जा रही है। पुनर्वास स्थलों पर ही खाद्यान्न सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। पेयजल की उपलब्धता के लिए बोर कराए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा के लिए शिविर आयोजित कर परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल वितरण योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इस प्रकार पुनर्वासित परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

स्थाई सुविधाओं के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही जारी संयुक्त सचिव ने नवीन बसाहटों में स्थाई सड़क, नाली एवं विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किए जा रहे प्रस्तावों की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनर्वासित परिवारों को केवल पुनर्वास स्थल उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां उनके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और बेहतर जीवन-यापन की परिस्थितियां सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। इस दिशा में छतरपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचार एवं संवेदनशील प्रयास सराहनीय हैं। संयुक्त सचिव ने पुनर्वासित परिवारों के हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा मौके पर जाकर आवश्यकताओं की पहचान कर त्वरित समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयास पुनर्वास प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button