Uttar Pradesh News : कौशिकी अमावस्या पर मां तारा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, रातभर गूंजते रहे जयकारे
लिलौरी मंदिर परिसर में दिनभर अनुष्ठान, महाआरती और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रिपोर्टर गौरव शुक्ला शाहजहांपुर यू.पी
धनबाद/कतरास। कौशिकी अमावस्या के पावन अवसर पर गुरुवार को कतरास का लिलौरी मंदिर परिसर मां तारा की भक्ति में सराबोर रहा। सुबह से देर रात तक मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, हवन, महाआरती और भंडारे का सिलसिला चलता रहा। मां तारा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मां तारा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दूर-दराज से आए भक्तों ने मां के दरबार में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पुजारी किशोरी पांडेय के नेतृत्व में पुजारियों की टोली ने विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
हवन और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात तक चले महाभंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। परंपरा के अनुसार कई श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में बकरे की बलि भी दी।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में ‘जय तारा’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कतरास पुलिस ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लिलौरी मंदिर से मां तारा मंदिर तक पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
कौशिकी अमावस्या के अवसर पर कतरास के अन्य काली मंदिरों में भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए। हटिया काली मंदिर, भटमुड़ना और पचगढ़ी बाजार स्थित काली मंदिर में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की।
हटिया काली मंदिर में आयोजित भक्ति जागरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। देर रात तक चले जागरण में भक्ति गीतों और भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे कतरास क्षेत्र में देर रात तक धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना रहा।




Subscribe to my channel